कांग्रेस के लिए चुनाव प्रचार कर रहीं पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के वाराणसी सेे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने की उम्मीद बढ़ती जा रहीं है। अभी लगभग एक सप्ताह पहले उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार के दौरान एक महिला कार्यकर्ता ने प्रियंका गांधी से ऐसे ही पूछ लिया था कि आप चुनाव नहीं लड़ेंगी। इस पर प्रियंका ने उस महिला को जवाब देते हुए कहा था कि ‘बनारस से लड़ लूं‘। हालांकि उस समय प्रियंका चुनाव लड़ने पर गंभीर नहीं थी। लेकिन धीरे-धीरे प्रियंका के वाराणसी से लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए माहौल बनाए जाने लगा। शनिवार को कांग्रेस ने लोकसभा प्रत्याशियों की एक और लिस्ट जारी कर दी। लेकिन वाराणसी से उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई। ऐसे में कयास लगाए जाने लगे कि कांग्रेस मोदी के खिलाफ प्रियंका का चुनाव मैदान में उतार सकती है। शनिवार को वाराणसी में प्रियंका को उम्मीदवार बनाए जाने के लिए कांग्रेस ने अपनी रिसर्च टीम को भेज दिया। अब टीम जातीय समीकरण साधने में जुटी हुई है। जब पूर्वांचल कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि एक बार यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से सलाह के बाद कोई फैसला लूंगी। बहरहाल लोकसभा चुनाव की जैसे-जैसे हवा गर्म होती जा रही है। वैसे-वैसे प्रियंका के वाराणसी से चुनाव लड़ने की संभावना को बल मिलता जा रहा है। जो भी हो अगर प्रियंका अगर वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ती हैं तो ये लोकसभा चुनाव में सबसे अधिक रोचक मुकाबला होगा।
क्यों न वाराणसी से ही लड़ लूं चुनाव ! प्रियंका गांधी
